दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अफसरशाही और सरकारी सिस्टम को लेकर बड़ा संदेश दिया है। NDA संसदीय दल की बैठक में उन्होंने मंत्रियों और सांसदों से साफ कहा कि आम नागरिकों से बार-बार 30-40 पेज के फॉर्म भरवाने की संस्कृति खत्म करनी होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि नियम-कानून लोगों की जिंदगी आसान बनाने के लिए होते हैं, न कि उन्हें परेशान करने के लिए।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत पुष्पमालाओं से किया गया। इस अवसर पर बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की जीत का जश्न भी मनाया गया। पीएम मोदी ने लगातार 10वीं बार मुख्यमंत्री बने नीतीश कुमार की खुले मंच से तारीफ करते हुए उन्हें बिहार की जीत का “शिल्पकार” बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ‘ईज ऑफ लाइफ’ और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को मजबूत करना है। सरकार ने नागरिकों पर भरोसा जताते हुए सेल्फ-सर्टिफिकेशन जैसी व्यवस्था लागू की है, जो पिछले 10 सालों से सफलतापूर्वक काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब देश “रिफॉर्म एक्सप्रेस” के दौर में है, जहां सुधार तेजी से और साफ इरादों के साथ किए जा रहे हैं।
बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा और अश्विनी वैष्णव समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि सरकार का फोकस नागरिक-केंद्रित सुधारों पर है ताकि आम आदमी को रोजमर्रा की भागदौड़ और परेशानियों से राहत मिल सके।
आगामी 11 दिसंबर को प्रधानमंत्री सभी एनडीए सांसदों के लिए विशेष रात्रिभोज का आयोजन करेंगे, जिसमें संसद सत्र की रणनीति और आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।
Tags
national
