IND-SA तीसरा वनडे: यशस्वी जायसवाल का पहला शतक, भारत जीत से सिर्फ 31 रन दूर

दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली (एजेंसी)। नए सितारे यशस्वी जायसवाल ने विशाखापट्टनम में इतिहास रच दिया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में उन्होंने 111 गेंदों पर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ दिया। जायसवाल और विराट कोहली क्रीज पर डटे हुए हैं। टीम इंडिया 38 ओवर में 1 विकेट पर 240 रन बनाकर जीत से सिर्फ 31 रन दूर है।

मुकाबले में भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने भी शानदार 75 रन की पारी खेली। उनकी और जायसवाल की जोड़ी ने 155 रन की ओपनिंग साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। रोहित को केशव महाराज की गेंद पर मैथ्यू ब्रीट्जकी ने कैच आउट किया।

इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और दक्षिण अफ्रीका को 47.5 ओवर में 270 रन पर रोक दिया। क्विंटन डी कॉक ने विपक्ष के लिए शतक लगाया, लेकिन भारत की गेंदबाजी में कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा चमके, दोनों ने 4-4 विकेट चटकाए।

रोहित शर्मा के लिए यह मैच भी खास रहा। उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में 20 हजार रन पूरे हो गए हैं। वे इस उपलब्धि को छूने वाले भारत के चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ यह मील का पत्थर हासिल कर चुके हैं।

टीम इंडिया शानदार अंदाज में सीरीज जीत की ओर बढ़ रही है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post