MP News: IG के दौरे से थके पुलिसकर्मी, 45 मिनट तक दहशत मचाते रहे डकैत: फायरिंग कर फरार, डकैती के सदमे से एक की मौत

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) राजगढ़। राजगढ़ जिले के सराफा बाजार में 24 दिसंबर की रात पुलिस की लापरवाही के बीच बेखौफ डकैतों ने करीब 45 मिनट तक आतंक मचाया। रात करीब 2 बजे 10 से 12 हथियारबंद बदमाश गुलेल, सब्बल और पिस्टल के साथ बाजार में दाखिल हुए और दो ज्वेलरी शॉप के ताले तोड़कर लाखों का माल समेट लिया। बदमाशों ने दुकान में सो रहे बुजुर्ग व्यापारी पर जानलेवा हमला किया, जबकि विरोध करने पर युवाओं पर फायरिंग और पत्थरबाजी की गई। डकैती के सदमे में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

घटना के वक्त सराफा बाजार में गश्त पर तैनात डायल 112 के पुलिसकर्मी कथित तौर पर आईजी के दौरे के बाद झांसी वाली रानी चौराहे पर अलाव तापते नजर आए। बताया गया कि ड्यूटी पर तैनात आरक्षक नया था और होमगार्ड के साथ इलाके में सही प्वाइंट नहीं बना पाया। इसी का फायदा उठाकर बदमाश वारदात को अंजाम देकर गुना की ओर फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने लोगों को धमकी दी—“हम फिर आएंगे।”

सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की पूरी गतिविधि कैद हुई है। फुटेज में एक बदमाश दुकान के अंदर झांकते, फिर साथियों को बुलाते और सब्बल से शटर उठाने की कोशिश करते हुए साफ दिख रहा है। बदमाश औजारों की पूरी किट के साथ आए थे और महज 6 मिनट में एक दुकान में डकैती कर फरार हो गए, जिससे उनकी पेशेवर तैयारी उजागर होती है। भागते समय उन्होंने बाइक चोरी की कोशिश की, विरोध पर एक युवक को घायल किया और चांदी के कड़े फेंकते हुए फरार हो गए।

घटना थाने से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर हुई, फिर भी पुलिस समय पर नहीं पहुंच सकी। स्थानीय लोगों के अनुसार बदमाश रात 3 बजे से 3:45 बजे तक पूरे इलाके में खुलेआम घूमते रहे। सूचना के बाद पुलिस ने तलाश की, लेकिन तब तक बदमाश हाईवे की ओर निकल चुके थे। एसपी अमित तोलानी ने डायल 112 की लापरवाही से इनकार करते हुए कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश की गई। मामले की जांच के लिए 5 विशेष टीमें गठित की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post