MP News: ट्रक में घुसी कार, तीन दोस्तों की मौके पर मौत, सांवलिया सेठ से दर्शन कर लौटते समय एमपी–राजस्थान बॉर्डर पर भीषण टक्कर

दैनिक सांध्य बन्धु जावद (नीमच)। मध्य प्रदेश–राजस्थान सीमा पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए।

कैसे हुआ हादसा

गुरुवार रात करीब पौने 2 बजे, नीमच जिले के नयागांव बैरियर और फाटक के पास तेज रफ्तार आई-20 कार आगे चल रहे ट्रक (ट्रॉले) में जा घुसी। बताया जा रहा है कि कार अचानक अनियंत्रित हो गई, जिससे यह दर्दनाक टक्कर हुई।

सांवलिया सेठ से दर्शन कर लौट रहे थे दोस्त

मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ निवासी चारों दोस्त सांवलिया सेठ मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे। रास्ते में यह हादसा उनकी खुशियों को मातम में बदल गया।

मृतकों और घायल की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है— पिंकेश मांदलिया (युवा व्यवसायी, निवासी मल्हारगढ़), भारत मोरी (डांगी), गोवर्धन लसूड़िया (निवासी लसूड़िया कदमाला)। वहीं राय सिंह पिता गोरा कछावा (निवासी भैंसाखेड़ा) गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

आखिरी सेल्फी बन गई याद

हादसे से पहले सांवलिया सेठ मंदिर में ली गई एक सेल्फी और पिंकेश द्वारा लगाया गया व्हाट्सएप स्टेटस अब उनकी आखिरी याद बन गया है। यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर भावुक कर रही हैं।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

शहर में शोक की लहर

पिंकेश मांदलिया अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन के सक्रिय सदस्य थे। उनके निधन से मल्हारगढ़ के व्यापारिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे।

Post a Comment

Previous Post Next Post