Jabalpur News: रिटायर्ड बिजली अधिकारी के साथ 32 लाख की ठगी, एटीएस का नाम लेकर 5 दिन तक रखा डिजिटल अरेस्ट में, बुजुर्ग से ट्रांसफर करवाए लाखों रुपए

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्यप्रदेश बिजली विभाग में एडमिनिस्ट्रेशन ऑफिसर रहे 72 वर्षीय अविनाश चंद्र दीवान के साथ साइबर ठगों ने दिल दहला देने वाली ठगी को अंजाम दिया। खुद को एटीएस पुणे का अधिकारी बताकर ठगों ने बुजुर्ग को पांच दिनों तक डिजिटल अरेस्ट में रखा और लगातार डराते हुए उनके बैंक खाते से कुल 32 लाख रुपए निकलवा लिए।

मामला तब उजागर हुआ जब 5 दिसंबर की रात अविनाश चंद्र घबराए हुए दिखे और बेटे आशीष ने पूछताछ की। शनिवार को बेटे ने मदनमहल थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

कैसे शुरू हुई ठगी?

1 दिसंबर की दोपहर बुजुर्ग के मोबाइल पर कॉल आया—
“मैं एटीएस पुणे से बोल रहा हूं, अफजल सहित कुछ आतंकियों को पकड़ा है, जिन्होंने आपका नाम लिया है।”

ठगों ने कहा कि उनके आधार और बैंक खाते से टेरर फंडिंग हुई है। बुजुर्ग डर गए और इसके बाद ठगों ने उन्हें वीडियो कॉल पर “डिजिटल अरेस्ट” कर लिया।

10 घंटे की वीडियो निगरानी, फर्जी दस्तावेज़ और गिरफ्तारी की धमकी

ठग पुलिस की पोशाक पहनकर सुबह 9 से रात 7 बजे तक वीडियो कॉल पर निगरानी रखते थे।

कहा—
“अगर सच नहीं बताया तो 18 साल की जेल होगी और बेटा भी गिरफ्तार होगा।”

संपत्ति का पूरा विवरण जानने के बाद उन्हें बैंक भेजा।

बैंक में ही फॉर्म भरवाए और अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करवाई।

तीन दिनों में उड़ाए 32 लाख रुपए

ठगों ने लगातार दबाव बनाकर—

पहले 10 लाख

फिर 8 लाख

फिर 7 लाख

बाकी अन्य किश्तों में कुल 32 लाख अपने खातों में डलवा लिए।

डर से बुजुर्ग किसी को बता नहीं पाए।

फर्जी RBI और डिफेंस मंत्रालय की चिट्ठी भी भेजी

ठगों ने भरोसा दिलाया कि 5-6 दिन में सब पैसा वापस कर देंगे। इसके लिए उन्होंने RBI और डिफेंस मंत्रालय के नाम से नकली लेटर भेजे।

पुलिस के सामने भी आया ठग का कॉल

शिकायत दर्ज करने के दौरान पुलिस के सामने भी ठग ने कॉल कर कहा—
“हमने ठगी की है, पैसा तो वापस मिलेगा नहीं... अपने पिता का ध्यान रखना।”

पुलिस की अपील: ऐसे कॉल आएं तो तुरंत थाने जाएं

एएसपी जितेंद्र सिंह ने कहा बुजुर्गों को ठग खासतौर पर निशाना बना रहे हैं। कोई भी पुलिस बनकर कॉल करे तो तुरंत अपने नजदीकी थाने में सूचना दें। असली पुलिस कभी बैंक डिटेल या पैसे ट्रांसफर नहीं करवाती।

Post a Comment

Previous Post Next Post