दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर में रहकर पीएससी की तैयारी कर रही मुरैना जिले की एक 21 वर्षीय छात्रा ने सीआरपीएफ के एक जवान पर लगातार दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2024 में उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से सौरभ सेंगर नामक युवक से हुई थी, जिसने खुद को सीआरपीएफ में पदस्थ जवान बताया और बताया कि उसकी तैनाती मणिपुर में है। चैटिंग के बाद बातचीत मोबाइल पर होने लगी और आरोपी ने शादी का वादा कर छात्रा का भरोसा जीत लिया।
सितंबर 2024 में आरोपी छुट्टी लेकर ग्वालियर आया और उसे पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित नंदगिरी होटल में मिलने बुलाया। यहां उसने शादी का झांसा देकर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि इसके बाद भी कई बार आरोपी ने इसी तरीके से शारीरिक शोषण किया।
जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बहन की शादी की जिम्मेदारी का बहाना बनाता रहा। मई 2025 के बाद उसने पूरी तरह बातचीत बंद कर दी।
आखिरकार छात्रा ने पड़ाव थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी सीआरपीएफ जवान के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
Tags
madhya pradesh
