MP News: सागर में टीआई और पुलिस स्टाफ पर मारपीट का आरोप, यादव समाज ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सागर। जिले के बांदरी थाना प्रभारी (टीआई) और पुलिस स्टाफ पर यादव समाज के लोगों के साथ सार्वजनिक स्थल पर मारपीट करने का आरोप लगा है। इस मामले में सोमवार को अखिल भारतवर्षीय जिला यादव महासभा के सदस्य रैली निकालकर एसपी कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

आपसी विवाद के बाद पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

यादव समाज के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में बताया कि 6 फरवरी को नगर परिषद बांदरी में दूध के लेनदेन को लेकर राजा यादव, मुंशीराम यादव और रामजी यादव के बीच आपसी विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।

आरोप है कि कार्रवाई के दौरान बांदरी थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करने के बजाय सार्वजनिक स्थान पर संबंधित लोगों के साथ मारपीट की। समाज के लोगों का कहना है कि इस घटना में कुछ लोगों को चोटें आईं और पुलिस ने उन्हें बाजार में घुमाया, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।

घायल ने हाथ फ्रैक्चर होने का लगाया आरोप

शिकायतकर्ता राजा यादव ने बताया कि विवाद के बाद पुलिस उन्हें थाने ले गई और वहां मारपीट की गई। उन्होंने दावा किया कि इस मारपीट में उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। समाज के लोगों ने कहा कि जिन लोगों के साथ मारपीट की गई, वे आपराधिक प्रवृत्ति के नहीं हैं।

कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट जाने की चेतावनी

यादव महासभा के जिला अध्यक्ष शिवशंकर यादव ने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो समाज न्यायालय की शरण लेगा।

एएसपी ने जांच का दिया आश्वासन

एडिशनल एसपी संजीव उईके ने कहा कि घायलों की मेडिकल जांच (एमएलसी) कराई जाएगी और पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों में रुपनारायण यादव, रज्जन यादव, गोपालाल यादव, लीलाधर यादव, बब्बू यादव और मोंटी यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post