दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। शहर के महाराज बाड़ा क्षेत्र में दो महिलाओं ने चालाकी से एक बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर करीब साढ़े चार लाख रुपए के सोने के गहने ठग लिए। यह घटना रविवार शाम की है, जिसका CCTV वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पता पूछने के बहाने शुरू की बातचीत
बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर निवासी 65 वर्षीय सरोज जैन अपने बेटे के साथ दांत के डॉक्टर को दिखाने गई थीं। चेकअप के बाद बेटा उन्हें महाराज बाड़ा पर छोड़कर चला गया। जब सरोज जैन गांधी गोलंबर की ओर पैदल जा रही थीं, तभी दो महिलाएं उनके पास आईं और पता पूछने के बहाने बातचीत करने लगीं।
नोटों की गड्डी दिखाकर उतरवाए गहने
बातचीत के दौरान महिलाओं ने रूमाल में लिपटी नोटों की गड्डी दिखाकर उसे गिनने में मदद मांगी और बुजुर्ग महिला को पकड़ा दी। इसके बाद उन्होंने भरोसा जताने के लिए सरोज जैन से कहा कि वे भी अपने गहने उतारकर पोटली में रख दें। भरोसे में आकर बुजुर्ग महिला ने सोने की तीन अंगूठियां और एक सोने की चेन उतारकर पोटली में रख दी।
कुछ देर बाद आरोपी महिलाएं लौटने का कहकर वहां से चली गईं। जब काफी देर तक वे वापस नहीं आईं, तो बुजुर्ग महिला ने रूमाल खोला। उसमें ऊपर एक 500 रुपए का नोट और नीचे कागज की कतरनें थीं। पोटली में रखे गहने भी गायब थे।
CCTV फुटेज में कैद हुईं आरोपी महिलाएं
ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने अपने परिजनों को सूचना दी और बेटे के साथ जनकगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की, जिसमें दो संदिग्ध महिलाएं बुजुर्ग के साथ बातचीत करती नजर आईं।
एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि आरोपी महिलाएं सहानुभूति और लालच का इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बनाती हैं। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
Tags
madhya pradesh
