दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। शहर के हजीरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार लोडिंग वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक वाहन चलाते समय मोबाइल पर वीडियो कॉल करते हुए नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार मुरार के लालटिपारा निवासी 28 वर्षीय दीपक सिंह तोमर, पुत्र राधेश्याम सिंह, टाटा वर्कशॉप में कर्मचारी था। रविवार को अवकाश होने के कारण वह किसी जरूरी काम से स्कूटी से हजीरा जा रहा था। शाम के समय जब वह यादव धर्मकांटा के पास ब्रह्माणी हॉस्पिटल के सामने पहुंचा, तभी यह हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि दीपक स्कूटी चलाते समय मोबाइल पर वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। इसी दौरान अचानक सामने एक कार आ गई। कार को देखकर दीपक ने एक हाथ से अचानक ब्रेक लगाया, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात लोडिंग वाहन ने उसे टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच के दौरान पास की एक दुकान में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। फुटेज में दीपक मोबाइल हाथ में लेकर वीडियो कॉल करते हुए स्कूटी चलाते नजर आ रहा है। हजीरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी लोडिंग वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी वाहन की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
Tags
madhya pradesh

