दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में एक मजदूर पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल अवस्था में थाने पहुंचे युवक को पुलिस ने तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। गोरखपुर थाना पुलिस के अनुसार बीती शाम मोहित ठाकुर (35 वर्ष), निवासी हाथीताल, घायल अवस्था में थाने पहुंचे। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उन्हें तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। मोहित ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी करते हैं। घटना वाले दिन शाम करीब 6:30 बजे वह महानद्दा क्षेत्र से ककरैया तलैया स्थित लक्ष्मी कॉलोनी जा रहे थे। इसी दौरान पप्पू यादव के घर के पास उन्हें शुभम यादव मिला। मोहित ठाकुर के अनुसार, शुभम यादव ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और पास बुलाया।
जब उन्होंने गालियां देने से मना किया, तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से उनके सीने पर हमला कर दिया। मोहित ने हाथ से बचाव करने की कोशिश की, जिससे उनके हाथ में चोट आई। इसके बाद आरोपी ने उन्हें जमीन पर गिराकर चाकू से उनके दोनों पैरों और पीठ पर हमला किया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना की रिपोर्ट के आधार पर गोरखपुर थाना पुलिस ने आरोपी शुभम यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
Tags
jabalpur
