दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर महिला से लाखों रुपए की ठगी करने वाले चार आरोपियों को स्टेट साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को इंदौर से पकड़कर जबलपुर लाया गया, जहां उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने ठगी की राशि भी बरामद कर ली है।
सोशल मीडिया के जरिए हुई पहचान, निवेश का दिया लालच
जानकारी के अनुसार, जबलपुर निवासी एक महिला की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से इंदौर निवासी अनिकेत मात्रे से हुई थी। महिला अपना व्यवसाय शुरू करना चाहती थी। इस दौरान आरोपी ने महिला को शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर अधिक मुनाफा और रकम दोगुनी होने का लालच दिया। आरोपी की बातों में आकर महिला ने अलग-अलग किश्तों में कुल 14 लाख 16 हजार रुपए निवेश कर दिए।
न मिला मुनाफा, न आरोपी से हो पाया संपर्क
निवेश के बाद महिला को न तो कोई लाभ मिला और न ही आरोपी से संपर्क हो पाया। कई महीने तक इंतजार करने के बाद महिला को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़िता ने स्टेट साइबर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू की।
इंदौर से हुई गिरफ्तारी
स्टेट साइबर सेल के निरीक्षक नीलेश अहिरवार की जांच में पता चला कि आरोपी अनिकेत मात्रे अपने साथियों के साथ मिलकर इस ठगी को अंजाम दे रहा था। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए इंदौर से अनिकेत मात्रे, अभिषेक मात्रे, दयानंद मांझी और अक्षय मंडलिक को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी इंदौर के निवासी हैं और संगठित तरीके से लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
महिलाओं को बनाते थे निशाना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी समूह बनाकर विशेष रूप से महिलाओं को अपना निशाना बनाते थे। सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर उन्हें निवेश के नाम पर झांसा देते थे। निरीक्षक नीलेश अहिरवार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य ठगी के मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।
Tags
jabalpur
