दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित राहुल पटेल (28 वर्ष), निवासी कमला नेहरू नगर, यादव कॉलोनी गढ़ा रोड मदनमहल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह भूसा वाली मशीन चलवाने का काम करता है। बीती रात करीब 8 बजे वह अपने मामा विकास कुशवाहा के साथ मंगेला नया मोहल्ला में बरा के पेड़ के पास ट्रैक्टर का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान मिलन यादव, जिससे उसका पुराना विवाद चल रहा है, अपने साथी बब्बू यादव और दो अन्य व्यक्तियों के साथ वहां पहुंचा। मिलन यादव ने राहुल से ट्रैक्टर में भूसा भरकर उसके घर छोड़ने को कहा। इस पर राहुल ने प्रति ट्रॉली 3 हजार रुपये किराया बताया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि मिलन यादव मुफ्त में भूसा भरवाने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर सभी आरोपियों ने राहुल और उसके मामा के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। दो लोगों ने विकास कुशवाहा को पकड़ लिया, जबकि मिलन यादव ने फरसा बब्बू यादव को दिया, जिसने हमला करने की कोशिश की। राहुल ने किसी तरह खुद को बचाते हुए धक्का देकर वहां से निकलने की कोशिश की, इस दौरान फरसा का बट उसके सीने में हल्का लगा।
पीड़ित के अनुसार, दोनों वहां से भागने लगे तो मिलन यादव ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से पिस्टल से फायरिंग की और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में राहुल के हाथ-पैर और उसके मामा के पैर व माथे में चोटें आई हैं।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 296(ए), 115(2), 118(1), 119(1), 125, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
Tags
jabalpur
