Jabalpur News: मदनमहल थाना क्षेत्र में चले चाकू, रंगदारी न देना युवक को पड़ा भारी; वार कर आरोपी फरार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र में रंगदारी नहीं देने पर एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल युवक को उपचार के लिए आशीष अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से पुलिस को सूचना मिलने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार, सुधीर सोनी (34 वर्ष), निवासी नव निवेश कॉलोनी संजीवनी नगर ने बताया कि उसकी लिंक रोड पर गाड़ी के पार्ट्स और रिपेयरिंग की दुकान है। दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपनी गाड़ी को शराब दुकान के पास स्थित पेंटर के यहां लेकर गया था।

इसी दौरान शुभम अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और उससे रंगदारी के रूप में 2 हजार रुपये की मांग करने लगा। सुधीर द्वारा पैसे देने से मना करने पर तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद शुभम ने उसे पकड़ लिया और उसके एक साथी ने चाकू से हमला कर दिया।

हमले के दौरान सुधीर ने अपने बचाव में चाकू रोकने की कोशिश की, जिससे उसके दाहिने हाथ के पंजे में गंभीर चोट आ गई। घटना के बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ धारा 296(ए), 118(1), 119(1), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post