दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की सनसनीखेज वारदात में अब बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि इस पूरे घटनाक्रम में गैंगस्टर सुयश उर्फ छोटू चौबे की भी भूमिका रही है। इसी के चलते पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने छोटू चौबे पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
21 मार्च 2026 की रात चुंगी चौकी से कांचघर चौक के बीच पुरानी रंजिश के चलते यश थराट नामक युवक पर गोली चलाई गई थी। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों बाबू सिंधी और निखिल कंजा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि फायरिंग की इस वारदात में छोटू चौबे की भी संलिप्तता रही है। इसके बाद पुलिस ने उसे मामले में शामिल करते हुए उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
इसके अलावा बरगी थाना के सतीलाल उर्फ सतीराम बरकड़े पर 10 हजार, गोसलपुर के इंतजार उर्फ काला सहित अन्य आरोपियों पर 5-5 हजार, पनागर के के.व्ही. मलैश पर 4 हजार, गोसलपुर के पप्पू महाराज पर 4 हजार, बरेला के राहुल दुबे, शुभम दुबे और सोनम यादव पर 4-4 हजार तथा ओमती के राजा सोनकर पर 3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में सूचना या सहयोग देने वालों को घोषित इनाम दिया जाएगा।
Tags
jabalpur
