Jabalpur News: दरहाई में अधिवक्ता के घर घुसकर तोड़फोड़, बड़े भाई का सिर फोड़ा; झूठे केस में फंसाने व जान से मारने की दी धमकी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते अधिवक्ता के घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अधिवक्ता के बड़े भाई के ससुराल पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर सामान तोड़ दिया और विरोध करने पर लोहे की रॉड जैसी वस्तु से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की गई।

पुलिस के अनुसार, दरहाई निवासी 38 वर्षीय सिद्धार्थ जैन पेशे से अधिवक्ता हैं। उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह घर से न्यायालय जाने के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान उनके बड़े भाई सिद्धांत जैन के ससुराल पक्ष के संस्कार लखेरा, राम लखेरा और गोलू लखेरा घर के अंदर आ गए। आरोपियों ने घर में रखे सामान में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया और सिद्धांत जैन के साथ गाली-गलौज करने लगे।

गाली देने से मना करने पर संस्कार लखेरा ने लोहे की रॉड जैसी वस्तु से हमला कर सिद्धांत के सिर में चोट पहुंचाई, जबकि राम लखेरा और गोलू लखेरा ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर उनके सिर, नाक और पीठ में चोटें पहुंचाईं। इस दौरान सिद्धार्थ जैन, नितिन ठाकुर और अनिल सेन बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई।

फरियादी ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष की महिलाओं ने उन्हें और उनके परिवार को झूठे मामले में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संस्कार लखेरा, राम लखेरा, गोलू लखेरा एवं अन्य के विरुद्ध धारा 115(2), 118(1), 296(बी), 324(4), 333, 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post