दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली 55 वर्षीय महिला के गले से सोने की चेन और लॉकेट छीनकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, लॉकेट और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 14 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे की है। अम्बेडकर कॉलोनी निवासी श्रीमती कोमल हीरानी (55) रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। वह घर के पास यजत इंटरप्राइजेज के समीप से पैदल जा रही थीं, तभी ग्रे रंग की स्कूटी पर सवार एक युवक गोविंद बेकरी की तरफ से आया। युवक ने सिर पर सफेद स्कार्फ बांध रखा था और क्रीम रंग की हुडी तथा काले रंग का लोअर पहना हुआ था।
आरोपी ने महिला से किराये पर कमरा मिलने के संबंध में पूछताछ शुरू की। बातचीत के दौरान अचानक उसने महिला के गले में पहनी सोने की चेन, जिसमें लॉकेट लगा हुआ था, झपट ली और स्कूटी से फरार हो गया। चेन छीनने के दौरान लगे जोरदार झटके से महिला सड़क किनारे गिर गईं और उनके हाथ में चोट आ गई। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए नेशनल अस्पताल में भर्ती कराया। शिकायत पर गोहलपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 792/26, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र की मदद से संदेही की पहचान की। सूचना के आधार पर पुलिस ने लेमा गार्डन के पास से अजित बसोर (19), निवासी ग्राम मड़ियादो, जिला दमोह, वर्तमान पता त्रिमूर्ति नगर, गोहलपुर को स्कूटी क्रमांक एमपी 20 एसएन 6998 के साथ पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया। उसने लूटी गई सोने की चेन और लॉकेट स्कूटी की डिक्की में रखना बताया। पुलिस ने डिक्की से चेन और लॉकेट बरामद कर स्कूटी भी जब्त कर ली। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रीतेश पांडे, उप निरीक्षक अंबुज पांडे, प्रधान आरक्षक दीनदयाल, आरक्षक गोपाल राय, आलोक यादव, अभिरंजन सिंह, हरेन्द्र, लालजी एवं महिला आरक्षक दीक्षा राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
