MP News: सागर में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत, जहरीली शराब के एंगल से जांच; बंडा में पहले हो चुकी हैं 36 से ज्यादा मौतें

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सागर। शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। दोनों मृतक बंडा क्षेत्र के ग्राम सेमरा रामचंद्र के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने गुरुवार को डीसीआर की लाल मसाला शराब पी थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। एक व्यक्ति की घर में ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में जहरीली शराब के एंगल से भी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान कमलेश पिता नारायण लोधी (45) और चंद्रभान पिता मुलायम सिंह (42) के रूप में हुई है। एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों पहले से बीमार थे। कमलेश को पाइल्स की बीमारी थी और उसे लगातार रक्तस्राव हो रहा था। शराब पीने के बाद रात में उसकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

वहीं, दूसरे मृतक चंद्रभान को भी लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी थी। परिजनों के अनुसार उसे पहले भी खून की उल्टियां होती थीं। करीब तीन महीने पहले उसे बंसल हॉस्पिटल और भाग्योदय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को शराब पीने के बाद वह मजदूरी करने पत्थर की खदान पर गया था। सिर में तेज दर्द होने पर घर लौट आया और बिना खाना खाए सो गया। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।

घर के आसपास मिले शराब के खाली क्वार्टर

दो लोगों की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग की टीम गांव पहुंची। मृतकों के घरों के आसपास जांच के दौरान शराब के खाली क्वार्टर मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। शराब के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडेय के मुताबिक कमलेश पहले शराब बेचता था। इसी सूचना पर पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने उसके घर सहित दो ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वहां शराब नहीं मिली। जांच में सामने आया कि बंडा शराबकांड के बाद उसने शराब बेचना बंद कर दिया था।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों मृतकों की मेडिकल हिस्ट्री की जांच की गई है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। शुरुआती जानकारी में दोनों के पहले से बीमार होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार शराब सरकारी दुकान से खरीदे जाने की जानकारी मिली है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। जहरीली शराब की आशंका को भी जांच में शामिल किया गया है।

बंडा में पहले जहरीली शराब से 36 से ज्यादा मौतें

गौरतलब है कि सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र में पहले भी जहरीली शराब का बड़ा मामला सामने आ चुका है। इस शराबकांड में 36 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। मामले में पुलिस ने 52 लोगों को आरोपी बनाया था, जिनमें मास्टरमाइंड, ठेकेदार और सप्लायर सहित 34 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच में गुजरात से स्प्रिट और उत्तर प्रदेश के ललितपुर से नकली बोतलें व रैपर लाए जाने की बात सामने आई थी।

इसके अलावा अक्टूबर में देवास जिले के चंदाना और बिंजाना गांवों में भी जहरीली शराब से मौतों का मामला सामने आया था। वहां 20 दिनों के भीतर 13 लोगों की मौत हुई थी। हालांकि प्रशासन ने इन मौतों की वजह जहरीली शराब होने की पुष्टि नहीं की थी। अब सागर में दो नई मौतों के बाद एक बार फिर शराब की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल दोनों मामलों में मौत की असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post