दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) बालाघाट। जिले के तिरोड़ी थाना क्षेत्र के सिवनघाट में मोबाइल चलाने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि देर रात तक मोबाइल चलाने से नाराज पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने घटना छिपाने के लिए परिजनों को फोन कर पत्नी की अचानक तबीयत खराब होने की जानकारी दी और उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। हालांकि, पुलिस की जांच में मामला खुल गया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान सुषमा राऊत के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब तीन साल पहले दिनेश राऊत से हुई थी। गुरुवार देर रात सुषमा मोबाइल चला रही थी, जिससे पति की नींद प्रभावित हो रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गुस्से में दिनेश ने पत्नी को थप्पड़ मार दिया। सुषमा ने भी पलटकर थप्पड़ मारा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान दिनेश ने उसके साथ मारपीट की और गला दबा दिया।
तबीयत खराब होने की दी सूचना
पुलिस के अनुसार, घटना के करीब 10 से 15 मिनट बाद जब सुषमा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो दिनेश घबरा गया। उसने वारदात छिपाने के लिए परिजनों को फोन किया और पत्नी की अचानक तबीयत बिगड़ने की बात कही। इसके बाद वह सुषमा को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
संदिग्ध मौत की जांच में खुला मामला
महिला की अचानक और संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान पति दिनेश के बयान और परिस्थितियों की पड़ताल की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। बताया जा रहा है कि दिनेश शराब पीने का आदी था और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
एसडीओपी विकास सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम और प्रारंभिक जांच में गले की हड्डी टूटने से महिला की मौत होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी दिनेश राऊत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
Tags
madhya pradesh
