MP News: भोपाल सेंट्रल जेल में बंद 21 वर्षीय छात्र की मौत, परिजनों का हंगामा; वेंटिलेटर पर भी पैरों में बंधी थीं बेड़ियां

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। भोपाल सेंट्रल जेल में करीब दो महीने से बंद 21 वर्षीय बीकॉम छात्र हर्षित राजपूत की गुरुवार रात हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्र की मौत के बाद शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम में देरी होने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल की मॉर्चुरी के बाहर जमकर हंगामा किया और पुलिस एवं जेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हर्षित की तबीयत जेल में रहने के दौरान लगातार बिगड़ रही थी। परिवार ने कई बार आवेदन देकर बेहतर इलाज और अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की, लेकिन उनकी शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।

हर्षित के चाचा भरत सिंह राजपूत ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले जब वह जेल में भतीजे से मिलने पहुंचे थे, तब उसकी हालत बेहद खराब थी। वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। इलाज के संबंध में पूछने पर हर्षित ने बताया था कि जेल के डॉक्टर इलाज करने के नाम पर पैसे मांगते हैं। चाचा के मुताबिक, हर्षित ने यह भी बताया था कि अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर उसकी बीमारी को गंभीरता से लेने के बजाय उसे ड्रामा करने की बात कहकर वापस भेज देते थे। जेल में परेशानी बढ़ने के डर से वह इसकी शिकायत भी नहीं कर पा रहा था।

परिजनों के मुताबिक, हर्षित ईश्वर नगर का निवासी था और बीकॉम सेकंड ईयर में पढ़ाई कर रहा था। सितंबर में शाहपुरा थाना पुलिस ने उसे मारपीट और लूटपाट के एक मामले में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद से वह भोपाल सेंट्रल जेल में बंद था। परिवार का आरोप है कि जेल में उसकी तबीयत लगातार खराब होने के बावजूद समुचित इलाज नहीं मिला।

परिवार के पड़ोसी सुरेंद्र सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि कई बार आवेदन देने के बाद भी जेल प्रशासन ने कोर्ट को हर्षित की तबीयत ठीक होने की जानकारी दी थी। उनके मुताबिक, हर्षित निमोनिया से पीड़ित था। हालत गंभीर होने पर बुधवार शाम उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार रात उसकी मौत हो गई।

मामले में सबसे गंभीर सवाल उस तस्वीर को लेकर उठ रहे हैं, जिसमें परिजनों के मुताबिक हर्षित वेंटिलेटर पर था, इसके बावजूद उसके पैरों में बेड़ियां बंधी हुई थीं। इस व्यवस्था को लेकर भी परिवार ने नाराजगी जताई है।

शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम में देरी होने पर परिजनों ने मॉर्चुरी परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की गंभीरता के बावजूद प्रक्रिया में देरी की जा रही है। राजपूत समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो शव रखकर प्रदर्शन किया जाएगा।

वहीं, जेल अधीक्षक मानवेंद्र सिंह परिहार ने परिजनों के आरोपों से अलग पक्ष रखते हुए बताया कि हर्षित को उल्टी-दस्त की शिकायत थी और जेल के डॉक्टर उसका लगातार इलाज कर रहे थे। डॉक्टरों ने भी उसे इसी बीमारी से पीड़ित बताया था। इसकी जानकारी न्यायालय को भी दी गई थी।

जेल अधीक्षक के अनुसार, हर्षित की मौत न्यायिक अभिरक्षा में हुई है, इसलिए यह कस्टोडियल डेथ का मामला है और इसकी न्यायिक जांच शुरू कर दी गई है। अस्पताल में भी उसे नियमानुसार रखा गया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post