Jabalpur News: 50 लाख का कर्ज देकर पहले लिया 62.50 लाख का चेक, फिर हड़प ली मकान की रजिस्ट्री! अब ताले तोड़कर कब्जे की कोशिश, पुलिसकर्मी पर धमकाने का आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। तिलहरी स्थित अनंततारा रेसिडेंशियल में मकान के एग्रीमेंट के नाम पर कथित धोखाधड़ी कर रजिस्ट्री कराने और फिर मकान पर कब्जा करने की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ब्रिजेन्द्र बातव ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर ओमप्रकाश मिरानी, शशिकांत, अमन स्वामी और दिलीप बिलानी सहित अन्य लोगों पर धोखाधड़ी, मारपीट, मकान के ताले तोड़ने और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर निकालकर ले जाने के आरोप लगाए हैं। शिकायत में गोराबाजार थाने के प्रधान आरक्षक संतोष मिश्रा पर भी आरोपियों का पक्ष लेते हुए मकान पर कब्जा दिलाने का प्रयास करने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत के अनुसार, ब्रिजेन्द्र के छोटे भाई विक्की बातव को पारिवारिक जरूरतों के लिए 50 लाख रुपए की आवश्यकता थी। इस संबंध में उसके परिचित शशिकांत ने ओमप्रकाश मिरानी से मिलवाया और मकान का एग्रीमेंट कराकर रकम उधार दिलाने की बात कही। आरोप है कि 9 जुलाई 2026 को विक्की को रजिस्ट्री कार्यालय ले जाकर एग्रीमेंट कराया गया, जिसमें शशिकांत और अमन स्वामी गवाह बने। ओमप्रकाश मिरानी ने छह महीने के लिए रकम उधार देने और अवधि पूरी होने पर पैसा लौटाकर एग्रीमेंट निरस्त कराने की बात कही।

आरोप है कि विक्की को 50 लाख रुपए की जरूरत थी, लेकिन उसे 62.50 लाख रुपए का चेक दिया गया। इस पर जब उसने अधिक राशि देने का कारण पूछा तो कथित तौर पर उसे बताया गया कि मकान की सरकारी कीमत इतनी है और रजिस्ट्री कार्यालय में दिखाने के लिए इतनी राशि का चेक दिया गया है। साथ ही 12.50 लाख रुपए वापस करने को कहा गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि शशिकांत ने विक्की से एचडीएफसी बैंक खाते के तीन खाली चेकों पर हस्ताक्षर भी करवा लिए। बाद में बैंक में चेक लगाने के दौरान 12.50 लाख रुपए वापस ले लिए गए। शिकायतकर्ता ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज को इस लेनदेन का महत्वपूर्ण साक्ष्य बताया है।

ब्रिजेन्द्र के मुताबिक, 13 नवंबर को ओमप्रकाश मिरानी, शशिकांत और अमन स्वामी उनके भाई के घर पहुंचे और मकान खाली कर कब्जा सौंपने के लिए दबाव बनाने लगे। जब विक्की ने कहा कि उसने मकान बेचने का नहीं, बल्कि कर्ज लेने का एग्रीमेंट किया था, तो आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि मकान की रजिस्ट्री ओमप्रकाश मिरानी और उसके परिजनों के नाम करा ली गई है। इस संबंध में 14 नवंबर को गोराबाजार थाने में शिकायत भी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत में आगे बताया गया है कि 16 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे ओमप्रकाश मिरानी, दिलीप बिलानी, शशिकांत और अमन स्वामी 20 से 25 लोगों तथा कुछ काले कोट पहने व्यक्तियों के साथ मकान पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दरवाजों के ताले तोड़ दिए और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर डीवीआर निकालकर ले जाने लगे। विरोध करने पर घर की महिलाओं श्वेता और प्रीति के साथ अभद्रता और मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। इस घटनाक्रम के दौरान ब्रिजेन्द्र की मां शकुंतला की तबीयत बिगड़ गई।

पीड़ित का आरोप है कि मौके पर पहुंचे गोराबाजार थाने के प्रधान आरक्षक संतोष मिश्रा ने उनसे मकान की चाबी मांगते हुए कहा कि वे थाने में बैठकर दस्तावेज देखकर जिसके पक्ष में अधिकार होगा, उसे कब्जा दिला देंगे। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने बिना न्यायालय के आदेश के कब्जा दिलाने के अधिकार पर सवाल उठाया तो प्रधान आरक्षक ने कथित तौर पर गांजा रखकर जेल भिजवाने की धमकी दी।

परिजनों ने मां की तबीयत बिगड़ने पर पुलिस को शिकायत दी और उन्हें उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया। ब्रिजेन्द्र का आरोप है कि अगले दिन शिकायत की पावती मांगने पर प्रधान आरक्षक राधेलाल मर्सकोले ने पावती देने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि तीन दिनों से शिकायत की पावती के लिए थाने के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें कोई दस्तावेज नहीं दिया गया और न ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अब ब्रिजेन्द्र बातव ने 20 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post