Jabalpur News: 20 रुपए देने से किया इनकार तो आरक्षक पर चाकू से हमला, पर्स समेत 6800 रुपए लूटकर भागे बदमाश

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में अवैध वसूली का विरोध करना बालाघाट में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक को भारी पड़ गया। मोहनिया शराब दुकान के पास 20 रुपए देने से इनकार करने पर चार लोगों ने छुट्टी पर आए आरक्षक कुलदीप रावत पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में आरक्षक के हाथ में गंभीर चोट आई है। आरोपियों ने मारपीट के दौरान उनका पर्स छीन लिया, जिसमें रखे 6800 रुपए लेकर फरार हो गए। घायल आरक्षक की शिकायत पर रांझी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, आरक्षक कुलदीप रावत बालाघाट में पदस्थ हैं और एक परिचित मित्र के निधन के बाद उसकी अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर जबलपुर आए थे। इसी दौरान वे मोहनिया शराब दुकान के पास चाय-पानी कर रहे थे। तभी एक युवक वहां पहुंचा और उनसे 20 रुपए मांगने लगा। आरक्षक ने पैसे देने से मना किया तो युवक जबरन रुपए देने का दबाव बनाने लगा।

विवाद बढ़ने पर युवक दुकान के अंदर गया और चाकू लेकर वापस आया। इसके बाद उसने आरक्षक पर हमला कर दिया। इसी बीच उसके दो-तीन अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। सभी ने मिलकर आरक्षक के साथ मारपीट की और उनका पर्स छीनकर उसमें रखे 6800 रुपए लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद घायल आरक्षक कुलदीप रावत रांझी थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश शुरू कर दी है।

आरक्षक कुलदीप रावत ने मीडिया को बताया कि मित्र की मौत के बाद वे उसकी अंतिम यात्रा में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान चाय-पानी करते समय एक युवक ने उनसे 20 रुपए मांगे। मना करने पर वह चाकू लेकर आया और हमला कर दिया। उसके साथ आए दो-तीन अन्य युवकों ने भी मारपीट की और पर्स सहित 6800 रुपए छीनकर भाग गए। आरक्षक के मुताबिक, उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post