Jabalpur News: बिना नर्सिंग डिग्री के कर रहीं थीं इलाज, गर्भवती युवती की मौत के मामले में दो कथित नर्सों पर गैर इरादतन हत्या का केस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में आठ से नौ माह की गर्भवती 29 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने दो कथित नर्सों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। आरोप है कि नर्सिंग की वैध डिग्री नहीं होने के बावजूद दोनों महिलाओं ने खुद को नर्स बताकर निजी कमरे में प्रसव और इलाज करने का जोखिम उठाया। कथित लापरवाही के चलते युवती की हालत बिगड़ती चली गई और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 25 अप्रैल को दर्ज मर्ग की जांच से जुड़ा है। जांच और परिजनों के बयानों में सामने आया कि मृतका की मां उसे पहले साईं अस्पताल लेकर पहुंची थीं, लेकिन वहां डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे। इसी दौरान अस्पताल में मौजूद दो कथित नर्सों ने निजी स्तर पर गुप्त रूप से डिलीवरी कराने का भरोसा दिया था।

जांच में पता चला कि घटना से एक दिन पहले युवती को उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर फोन के माध्यम से संपर्क किया गया और इलाज व प्रसव के लिए उसे एक निजी कमरे में बुलाया गया। आरोप है कि वहां दोनों महिलाओं ने युवती को गोलियां और अन्य दवाइयां देने के साथ ड्रिप भी चढ़ाई। हालांकि, वे उसकी बिगड़ती हालत को संभाल नहीं सकीं और उसकी तबीयत लगातार गंभीर होती चली गई।

इसके बाद युवती को गंभीर हालत में सिटी अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।

जांच में नर्सिंग की डिग्री नहीं होने का खुलासा

पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि आरोपी महिलाएं साईं अस्पताल में सहायिका के रूप में काम करती थीं। उनके पास नर्सिंग की कोई वैध डिग्री नहीं थी। इसके बावजूद उन्होंने निजी तौर पर प्रसव और इलाज करने का जोखिम उठाया।

मर्ग जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी नेहा जौहरी और ललिता पिल्ले के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक आधार तैयार किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post