दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भारतीय नौसेना में 33 वर्षों तक देश की सेवा करने वाले सेवानिवृत्त कैप्टन दुष्मंत कुमार जेना अब नशामुक्त भारत का संदेश लेकर साइकिल यात्रा पर निकल पड़े हैं। ओडिशा निवासी कैप्टन जेना ने शनिवार को जबलपुर के ग्वारीघाट से करीब 3 हजार किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा का शुभारंभ किया। इस यात्रा के दौरान वे मां नर्मदा की परिक्रमा पूरी करने के साथ युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करेंगे।
यात्रा शुरू करने से पहले कैप्टन जेना ने ग्वारीघाट पर मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने साइकिल से अपने अभियान की शुरुआत की। उनका कहना है कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रही है, जो समाज और देश के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने नर्मदा परिक्रमा को नशामुक्ति के सामाजिक अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया।
कैप्टन जेना अपनी यात्रा के दौरान जिन शहरों, कस्बों और गांवों से गुजरेंगे, वहां स्थानीय नागरिकों, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करेंगे। वे नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर युवाओं को इससे दूर रहने तथा खेलकूद, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
करीब 3 हजार किलोमीटर की इस यात्रा को 21 से 28 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए उन्हें प्रतिदिन औसतन 100 से 130 किलोमीटर से अधिक साइकिल चलानी होगी। नौसेना में 33 वर्षों तक मिली सेवा, अनुशासन और प्रशिक्षण के अनुभव को साथ लेकर कैप्टन जेना इस चुनौतीपूर्ण अभियान पर निकले हैं।
यात्रा के शुभारंभ अवसर पर ग्वारीघाट में स्थानीय नागरिकों, खेल प्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया तथा सफल और सुरक्षित यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। कैप्टन जेना की यह पहल धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दे रही है। मां नर्मदा की परिक्रमा के जरिए उनका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।
Tags
jabalpur
