दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र के मझगवां रोड स्थित हिरन नदी किनारे बने मुक्तिधाम में रविवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। सुबह जब लोग सामान्य रूप से मुक्तिधाम पहुंचे, तो वहां एक युवक का शव चिता के ऊपर मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने जलती चिता पर कूदकर अपनी जान दे दी।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 5 बजे एक जैन परिवार की महिला का अंतिम संस्कार खितौला मुक्तिधाम में किया गया था। रविवार सुबह जब परिजन कुछ धार्मिक प्रक्रिया के लिए दोबारा मुक्तिधाम पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उसी चिता के ऊपर एक युवक मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग सन्न रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही खितौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की और हाल ही में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर मृतक की पहचान करने की कोशिश की।
जांच के दौरान मृतक की पहचान खितौला वार्ड क्रमांक-15, राधा कृष्ण मंदिर के पास रहने वाले 27 वर्षीय शिवम उर्फ शिब्बू कोल के रूप में हुई। परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया, जहां उन्होंने शव की पहचान की पुष्टि की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों के अनुसार, शिवम मानसिक रूप से अस्वस्थ था और कुछ समय से परेशान चल रहा था। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। बताया जा रहा है कि मृतक शिवम के दो छोटे बच्चे हैं।
खितौला थाना के एसआई आरबी मिश्रा के अनुसार, “मृतक की पहचान शिवम कोल के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई जारी है।”
Tags
jabalpur
