दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली ठगी की घटना सामने आई। लग्जरी कार से आए बदमाशों ने बाबा का भेष बनाकर एक युवक को 5 करोड़ रुपए दिलाने का झांसा दिया और उससे 38 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित पवन कुमार पटेल (34), जो ठेकेदारी का काम करते हैं, अपने साथी के साथ बाइक से बरगी जा रहे थे। खमरिया तिराहे पर एक लग्जरी कार रुकी, जिसमें से बाबा के वेश में दो लोग उतरे। उन्होंने पवन को बुलाकर चमत्कार दिखाने के नाम पर मिट्टी को रुपए में बदलने का नाटक किया।
इसके बाद उन्होंने दावा किया कि वे उसके 38 हजार रुपए को 5 करोड़ में बदल सकते हैं। जैसे ही पवन ने पैसे निकाले, बदमाशों ने झपट्टा मारकर रकम छीनी और सिवनी की ओर भाग निकले।
70 किलोमीटर तक पीछा, फिर गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। जबलपुर और सिवनी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की। करीब 70 किलोमीटर पीछा करने के बाद आदेगांव थाना क्षेत्र के जोबा गांव के पास कार को रोक लिया गया। कार में सवार पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया और लूटे गए 38 हजार रुपए भी बरामद कर लिए गए।
गैंग के रूप में काम कर रहे थे आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के रहने वाले हैं। इनमें से दो को मुख्य आरोपी माना जा रहा है, जबकि बाकी तीन से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह गिरोह कितने समय से इस तरह की ठगी कर रहा था और इसमें कितने सदस्य शामिल हैं।
बातों में उलझाकर निकलवा लिए पैसे
पवन ने बताया कि बाबा के वेश में होने के कारण उसे उन पर भरोसा हो गया। उन्होंने पहले आशीर्वाद देने का नाटक किया और फिर बातों में उलझाकर पैसे निकलवा लिए। उसे समझ ही नहीं आया कि कब वह ठगी का शिकार हो गया।
Tags
jabalpur
