दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित होटल सुकून में तीन दिन पहले हुए विवाद और हंगामे के मामले में नया खुलासा सामने आया है। होटल के कमरे में एक युवक के साथ मिली युवती नेताजी सुभाषचंद्र मेडिकल कॉलेज में पदस्थ एक डॉक्टर बताई जा रही है, जबकि उसके साथ मौजूद युवक एक निजी सुरक्षा कंपनी में सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संबंधित कंपनी ने युवक को नौकरी से हटा दिया है।
जानकारी के अनुसार, बजरंग दल कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि कटंगी बायपास स्थित होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के आधार पर संगठन के कार्यकर्ता शनिवार को होटल पहुंचे और कमरों की जांच के दौरान एक कमरे में युवक और युवती को पाया। कार्यकर्ताओं ने दोनों से पूछताछ की, लेकिन कथित तौर पर उन्होंने अपनी पहचान बताने से इनकार कर दिया, जिसके बाद मौके पर विवाद और हंगामा शुरू हो गया।
सूचना मिलने पर माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षा के बीच थाने ले गई। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं की शिकायत पर पुलिस ने फरहज अली कादरी निवासी रानी दुर्गावती वार्ड क्षेत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक पहले से होटल में मौजूद था, जबकि महिला डॉक्टर बाद में कार से होटल पहुंची थी। पुलिस ने होटल के रजिस्टर, पहचान संबंधी दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं तथा मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के दौरान होटल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। आरोप है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने होटल में तोड़फोड़ की और युवक के साथ मारपीट भी की। युवक और युवती को कमरे से बाहर लाकर बैठाया गया, जिससे मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जब पुलिस दोनों को वाहन में बैठाकर थाने ले जा रही थी, तब भी कुछ लोगों ने धक्का-मुक्की और मारपीट की कोशिश की। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों को सुरक्षित थाने पहुंचाया।
बजरंग दल के जिला मंत्री राकेश ने कहा कि सूचना मिलने पर कार्यकर्ता होटल पहुंचे थे, जहां एक कमरे में युवक और युवती संदिग्ध स्थिति में मिले। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया और पुलिस को सूचना दी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। होटल में संचालित गतिविधियों, दोनों व्यक्तियों की मौजूदगी तथा घटना के दौरान हुई कथित मारपीट और तोड़फोड़ के संबंध में भी जांच जारी है।
Tags
jabalpur
