Jabalpur News: छोटे फुहारा इलाके में खूनी संघर्ष, जन्मदिन पर शेयर किया पिटाई का पुराना वीडियो, बदमाशों ने युवक को मारी गोली

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दमोहनाका इलाके में इंस्टाग्राम पोस्ट और रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। जन्मदिन के मौके पर इंस्टाग्राम पर पिटाई का एक पुराना वीडियो पोस्ट करने से नाराज आरोपी आदि दीक्षित ने अपने साथियों के साथ मिलकर दूसरे गुट पर चाकू और पिस्टल से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प के दौरान आरोपी ने जान से मारने की नीयत से सरेराह गोली चला दी, जो एक युवक के पैर में जा लगी। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

इंस्टाग्राम पोस्ट से शुरू हुआ पूरा विवाद

अस्पताल पहुंची पुलिस को दिए बयानों में बढ़ई मोहल्ला दमोहनाका निवासी घायल अमन उर्फ अम्बर श्रीवास (18 वर्ष) ने बताया कि वह महादेव ट्रेडर्स कंपनी में काम करता है। अमन के दोस्त रितिक ठाकुर का इलाके के ही आदि दीक्षित के साथ पुराना मनमुटाव और विवाद चल रहा था। बीते 26 मई को आदि दीक्षित का जन्मदिन था। पुरानी दुश्मनी के चलते रितिक ठाकुर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट डाली, जिसमें उसने आदि दीक्षित की पिटाई का एक पुराना वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में 'हैप्पी बर्थडे छोटे' लिख दिया। अमन ने भी अपने दोस्त रितिक की इस पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर मेंशन (शेयर) कर दिया। यह पोस्ट देखते ही आदि दीक्षित आगबबूला हो गया और अगले दिन 27 मई को अपने साथियों के साथ मिलकर अमन और रितिक को मोहल्ले में ढूंढने लगा।

फोन पर मिली धमकियां और फिर समझौते के बहाने बुलाया

अमन को जब जानकारी मिली कि आदि उसे ढूंढ रहा है, तो उसने शाम को आदि दीक्षित को फोन कर पूछा कि तुम मुझे क्यों ढूंढ रहे हो? इस पर आदि ने फोन पर ही गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया और मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर 8 बार और बातचीत हुई, जिसमें आदि लगातार धमकियां देता रहा। अगले दिन 28 मई को आदि दीक्षित ने इंस्टाग्राम पर अमन को मेंशन करते हुए कॉल करने का मैसेज भेजा। अमन ने जब कॉल किया तो आदि ने तंज कसते हुए कहा कि 'तू डर गया है, कल मैं तेरे मोहल्ले आया तो तू छुप गया।' इसके बाद शाम को अमन के दोस्त रितिक ठाकुर की आदि दीक्षित से बात हुई, जिसमें कॉन्फ्रेंस कॉल पर दोनों पक्षों से अंश सिंह ठाकुर और पीयूष सोनी भी जुड़े। कॉल पर दोनों पक्षों के बीच रात में दमोहनाका के पास मिलकर समझौता (कॉम्प्रोमाइज) करने की बात तय हुई।

तय समझौते के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे अमन श्रीवास, रितिक ठाकुर और अंश सिंह ठाकुर छोटे फुहारा में अतुल मेडिकल के सामने खड़े होकर इंतजार कर रहे थे। तभी रितिक के मोबाइल पर आदि का फोन आया और उन्होंने आदि को वहीं बुला लिया। कुछ ही देर में आदि दीक्षित, पीयूष सोनी, हर्ष कोष्टा और अन्य लड़के मोपेड व स्कूटी से वहां पहुंचे। दोनों पक्षों में समझौते को लेकर बातचीत चल ही रही थी कि अचानक आदि दीक्षित ने रितिक को चांटा मार दिया। अमन और अंश ने बीच-बचाव कर उन्हें अलग किया, लेकिन तभी आरोपी हर्ष कोष्टा ने अपनी जेब से धारदार चाकू निकाल लिया और मारने के लिए झपटा। अमन और रितिक ने बहादुरी दिखाते हुए हर्ष से चाकू छीन लिया, जिससे आरोपी पीछे हट गए।

इसी बीच, किसी परिचित द्वारा सूचना मिलने पर अमन की मां भी मौके पर पहुंच गईं और अपने बेटे को डांटने लगीं। मां को देखकर अमन ने छीना हुआ चाकू जमीन पर फेंक दिया, जिसे आरोपी हर्ष कोष्टा ने दोबारा उठा लिया। इसी दौरान मुख्य आरोपी आदि दीक्षित ने अपनी स्कूटी की डिग्गी खोलकर उसमें से पिस्टल निकाल ली और दहशत फैलाने के लिए हवा में फायर कर दिया। जब अमन और उसके साथी वहां से नहीं भागे, तो आदि दीक्षित ने सीधे अमन पर जान से मारने की नीयत से निशाना साधकर ट्रिगर दबा दिया। पहली बार में गोली मिसफायर हो गई (नहीं चली), लेकिन आरोपी ने तुरंत दोबारा अमन पर फायर झोंक दिया। इस बार गोली सीधे अमन के बाएं पैर के टखने के पास जा लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

आज बच गए, अगली बार जान से खत्म कर देंगे

गोली चलने के बाद खुद का बचाव करने के लिए घायल अमन और उसके साथियों ने सड़क पर पड़े पत्थर उठाकर आरोपियों की तरफ फेंके। पत्थर लगते देख मुख्य आरोपी आदि दीक्षित, पीयूष सोनी, हर्ष कोष्टा और उनके अन्य साथी अपनी गाड़ियों पर सवार होकर मिलौनीगंज की तरफ भाग निकले। भागते समय आरोपियों ने चिल्लाते हुए धमकी दी कि 'आज तो बच गए हो, अबकी बार सामने आए तो जान से खत्म कर देंगे।' गोहलपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 109(1) (हत्या का प्रयास), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post