दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के संजीवनीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कछपुरा ओवरब्रिज पर आज शुक्रवार की दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार दो महिलाओं को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि एक महिला उछलकर सीधे मेट्रो बस के पिछले पहिए के नीचे आ गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, स्कूटी पर सवार दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस वीभत्स हादसे को देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों के रोंगटे खड़े हो गए।
पहिए में फंसकर घिसटती रही महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच दो महिलाएं स्कूटी पर सवार होकर कछपुरा ओवरब्रिज से गुजर रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही मेट्रो बस के चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर लगते ही स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों महिलाएं सड़क पर गिर पड़ीं। इनमें से एक महिला सीधे बस के टायर की चपेट में आ गई। बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर तुरंत ब्रेक नहीं लगा सका और महिला पहिए में फंसकर कुछ दूर तक घिसटती चली गई। इस भयावह दुर्घटना में महिला का सिर बुरी तरह कुचल गया और उसने मौके पर ही तड़पकर दम तोड़ दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के तुरंत बाद ओवरब्रिज पर भारी भीड़ जमा हो गई और दोनों ओर का यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। दुर्घटना की भयावहता को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश और सिहरन दौड़ गई। सूचना मिलते ही मृतका और घायल महिला के परिजन भी बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंच गए। अपनों को इस हालत में देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही संजीवनीनगर थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दूसरी महिला को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से इलाज के लिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना किया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज की मर्चुरी भिजवा दिया है। घटना के बाद आरोपी मेट्रो बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
Tags
jabalpur
