दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के सुहागी क्षेत्र में क्रिकेट की गेंद को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि “चाय मंत्रालय” नामक दुकान संचालक ने 9 वर्षीय बालक ओम विश्वकर्मा पर कांच का गिलास फेंककर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, क्रिकेट खेलते समय गेंद दुकान के पास चली गई थी, जिस बात को लेकर बच्चों और दुकानदार के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दुकानदार ने गुस्से में आकर बालक पर कांच का गिलास फेंक दिया। बताया जा रहा है कि विवाद को शांत कराने पहुंचे जित्तु साहू नामक युवक पर भी चाकू से हमला किया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय और हनुमान मंदिर के पास “चाय मंत्रालय” के नाम से संचालित गुमटी सड़क और सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से लगाई गई है।
अतिक्रमण पर उठे सवाल
घटना के बाद शहर की यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्गों, चौराहों और लेफ्ट टर्न पर लगातार अतिक्रमण हो रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
Tags
jabalpur

