दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेंगई सिरौरा ग्राम में स्थित 'निसर्ग रिसॉर्ट' में हुए दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस ने एक बड़ी कानूनी कार्रवाई की है। वॉटर फॉल में करंट लगने से रांझी निवासी 20 वर्षीय युवक साजन विश्वकर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने रिसॉर्ट संचालक व पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी और उनके कर्मचारी नीलेश कुर्मी को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले का तीसरा आरोपी और रिसॉर्ट का मैनेजर मनीष पटैल अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस जांच में रिसॉर्ट प्रबंधन की बेहद गंभीर और जानलेवा लापरवाही उजागर होने के बाद बुधवार रात को ही आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और धारा 106(1) के तहत गैर-इरादतन हत्या का आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया था। उल्लेखनीय है कि रांझी बड़ा पत्थर सुभाष नगर निवासी साजन विश्वकर्मा अपने दोस्तों के साथ रिसॉर्ट गया था। वह अंदर बने एक स्विमिंग पूल में नहाने के बाद जैसे ही दूसरे पूल की तरफ आगे बढ़ा, तभी स्लाइडर के पास लगे लोहे के एक पोल से उसका हाथ अचानक छू गया।
उस लोहे के पोल में बेहद तेज करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आते ही साजन को बिजली का जोरदार झटका लगा और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। करंट इतना भयानक था कि साजन की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना के बाद वहां मौजूद चश्मदीदों और मृतक के दोस्तों के बयानों को आधार बनाकर बरेला थाना पुलिस ने रिसॉर्ट प्रबंधन के खिलाफ यह सख्त कानूनी कदम उठाया है। पुलिस का कहना है कि फरार मैनेजर को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
jabalpur
