दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र में देर रात एक फायरिंग की घटना सामने आई है। आरोपियों ने पार्टी कर रहे युवकों से पैसे की मांग की और मना करने पर हंगामा करते हुए हवाई फायर कर दिया। पीड़ित सचिन सैनी (30 वर्ष), निवासी रानीपुर माली मोहल्ला, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह प्रॉपर्टी खरीद-फरोख्त का काम करता है। बीती रात करीब 12:45 बजे वह अपने साथियों के साथ अपने चाचा के निर्माणाधीन मकान में पार्टी कर रहा था। इसी दौरान नयन डेहरिया, हर्ष यादव और श्रीकांत राय वहां पहुंचे और पार्टी करने के नाम पर 2 हजार रुपये की मांग करने लगे। जब सचिन ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
इसी दौरान आरोपी हर्ष यादव ने पिस्टल निकालकर मकान के अंदर ही हवाई फायर कर दिया, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। पीड़ित के अनुसार, उसका दुर्गेश पंडा से पहले से प्रॉपर्टी विवाद चल रहा है। आरोप है कि दुर्गेश पंडा ही अन्य लोगों को साथ लेकर विवाद करने के उद्देश्य से मौके पर पहुंचा था। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए और जाते-जाते धमकी दी कि यदि पुलिस में रिपोर्ट की तो जान से मार देंगे। मदनमहल थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Tags
jabalpur
