Jabalpur News: हाईकोर्ट के सामने चलती बाइक में लगी आग, सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
आज शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के गेट नंबर 6 के सामने चलती बाइक में अचानक आग लग गई। घटना करीब दोपहर 12 बजे की है, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बीच सड़क पर धधकी बाइक, चालक ने कूदकर बचाई जान

जानकारी के अनुसार, बाइक सवार मछली व्यवसायी बाजार की ओर जा रहा था। जैसे ही वह हाईकोर्ट के पास पहुंचा, बाइक में अचानक आग लग गई। चालक बंशी ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई और जलती बाइक को सड़क पर ही छोड़ दिया।

सुरक्षाकर्मियों ने दिखाई तत्परता

घटना को देखते ही हाईकोर्ट की सुरक्षा में तैनात एसएएफ के जवान मौके पर पहुंचे और गेट पर उपलब्ध फायर बूस्टर की मदद से आग बुझाने में जुट गए। उनकी तत्परता के चलते कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया।

दमकल पहुंचने से पहले बुझी आग

घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की दमकल टीम को भी सूचना दी गई, लेकिन दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया था। इस दौरान पुलिस ने एहतियातन सड़क के दोनों ओर यातायात रोककर लोगों को सुरक्षित दूरी पर कर दिया।

बड़ा हादसा टला, वीडियो भी हुआ वायरल

समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post