Jabalpur News: प्रॉपर्टी विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला ने मिर्ची झोंकी, साथी ने मार दी गोली

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हाई कोर्ट में मुंशी का काम करने वाले एक व्यक्ति पर गुरुवार देर रात जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने पहले उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और फिर कट्टे से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद पीड़ित खुद पुलिस चौकी पहुंचा, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना पाटन थाना क्षेत्र के बेनीखेड़ा के पास रात करीब 11:15 बजे हुई। आगाशोद निवासी 52 वर्षीय ठाकुर दास पटेल बाइक से घर लौट रहे थे, तभी एक महिला ने चेहरा ढंककर उन्हें रोका और अचानक उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े।

जैसे ही वे गिरे, पहले से घात लगाए बैठे छह अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह जान बचाकर भागने की कोशिश के दौरान आरोपियों ने उन पर फायर कर दिया। गोली उनके पेट के किनारे जा फंसी, जबकि छर्रे गले में लगे।

घायल अवस्था में ही ठाकुर दास खुद नुनसर पुलिस चौकी पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी।

पीड़ित के अनुसार, यह हमला जमीन के सौदे को लेकर हुए विवाद का परिणाम है। उन्होंने एक जमीन खरीदने के लिए 22 लाख रुपए दिए थे, लेकिन आरोपियों ने अब तक रजिस्ट्री नहीं कराई। उन्होंने दीपक काक्षी, गोपाल काक्षी, वंदना सिंह, बृजलाल पटेल, अर्जुन और सिद्धार्थ दुबे सहित कुल 7 लोगों पर हमले का आरोप लगाया है।

नुनसर पुलिस चौकी प्रभारी विपिन तिवारी ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post