Jabalpur News: खाना बना रही प्रेमिका को मारा चाकू, मुंह में कपड़ा ठूंस बेलन से फोड़ा सिर; पति के छोड़ने के बाद 2 साल से करमेता में प्रेमी के साथ रह रही थी महिला

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आईटीआई करमेता इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला पर उसके पार्टनर द्वारा जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने हत्या की नीयत से महिला के गले पर चाकू से वार किया और सिर पर बेलन से हमला कर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

माढ़ोताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आईटीआई करमेता निवासी 24 वर्षीय श्रीमती गौरी दुबे ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि वह प्राइवेट काम करती है। उसके पति ने उसे दो वर्ष पूर्व छोड़ दिया था, जिसके बाद से वह नीतेश पाटकर नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध होने के कारण पिछले दो साल से लिव-इन में रह रही थी। पीड़िता के मुताबिक, नीतेश के साथ न रहने की बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

रविवार सुबह लगभग 10 बजे जब गौरी दुबे किचन में खाना बना रही थी, तभी नीतेश पाटकर दबे पांव पीछे से आया। इससे पहले कि गौरी कुछ समझ पाती, नीतेश ने उसकी हत्या करने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके गले में गंभीर चोट आ गई।

गले पर वार होते ही जब पीड़िता ने जान बचाने के लिए चिल्लाना शुरू किया, तो आरोपी नीतेश ने उसकी आवाज दबाने के लिए उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद भी जब उसका दिल नहीं भरा, तो उसने रसोई में रखे रोटी बनाने के बेलन से गौरी के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई।

आरोपी के चंगुल से किसी तरह छूटकर जब पीड़िता डर के मारे घर से बाहर भागी और शोर मचाया, तो पकड़े जाने के डर से आरोपी नीतेश पाटकर मौके से भाग निकला। इसके बाद लहूलुहान हालत में पीड़िता थाने पहुंची और आपबीती सुनाई।

माढ़ोताल थाना पुलिस ने पीड़िता गौरी दुबे की रिपोर्ट पर तत्परता दिखाते हुए आरोपी नीतेश पाटकर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए) और 109(1) के तहत जानलेवा हमले और आपराधिक कृत्य का मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले को विवेचना में लेकर फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post