दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिला प्रशासन ने शराब के अवैध क्रय-विक्रय और तय कीमतों से अधिक वसूली (ओवररेटिंग) के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार की रात एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने महानद्दा स्थित शराब दुकान पर औचक छापामार कार्रवाई की। इस दौरान ग्राहकों से निर्धारित दर से ज्यादा दाम पर बीयर बेचने का गंभीर मामला रंगे हाथों पकड़ा गया।
यूपीआई भुगतान से पकड़ाया खेल
एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह ने बताया कि प्रशासन को लगातार ओवररेटिंग की शिकायतें मिल रही थीं। कार्रवाई के दौरान टीम के सदस्य ने ग्राहक बनकर किंगफिशर स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर की बोतल खरीदी। सेल्समैन ने 190 रुपये अंकित अधिकतम विक्रय मूल्य (MRP) की बोतल के लिए 200 रुपये की मांग की। टीम ने इस अतिरिक्त राशि का भुगतान यूपीआई (UPI) के माध्यम से डिजिटल रूप से किया, जो ऑन-स्पॉट पुख्ता डिजिटल साक्ष्य बन गया। इस तरह प्रति बोतल 10 रुपये की अवैध वसूली का खेल पकड़ा गया।
दुकान के बगल में चल रहा था अवैध अहाता
जांच के दौरान टीम को एक और बड़ी अनियमितता मिली। लायसेंसी कमला शिवहरे की इस फुटकर शराब दुकान से ठीक लगकर बाईं दीवार पर अवैध रूप से अहाता संचालित पाया गया, जिसकी अनुमति नहीं थी। छापामार कार्रवाई के वक्त दुकान पर कर्मचारी शिवा बर्मन और अरुण मिश्रा कार्यरत मिले।
लाइसेंस निलंबन और जुर्माने की तैयारी
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार गोरखपुर आदित्य जाँघेला भी टीम के साथ मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर ही गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया है। एसडीएम अनुराग सिंह ने कहा इस पूरी कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट कलेक्टर कार्यालय को भेजी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने पर दुकान के लाइसेंस निलंबन और भारी अर्थदंड (जुर्माना) की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur
