दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना घमापुर क्षेत्र के अंतर्गत शीतलामाई स्थित गोपी पेट्रोल पंप पर शराब के लिए पैसे न देने पर एक बदमाश द्वारा दो नाबालिगों के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित छात्र की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कांचघर बरऊ मोहल्ला निवासी 15 वर्षीय समर्थ सिंह ठाकुर (कक्षा 10वीं का छात्र) बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे अपने दोस्त कृष्णा ठाकुर के साथ शीतलामाई गोपी पेट्रोल पंप पर अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने गया था। इसी दौरान वहां क्षेत्र का बदमाश तुषार कुचबंधिया अपनी गाड़ी से पहुंचा। आरोपी ने नाबालिग छात्रों को रोककर जबरन शराब पीने के लिए पैसों की मांग की ।
जब समर्थ और उसके दोस्त ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी तुषार कुचबंधिया आगबबूला हो गया और गंदी-गंदी गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने समर्थ के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी और पास ही रखे पाइप से हमला कर दिया। इस हमले में समर्थ के चेहरे पर दाईं आंख के नीचे और दाहिने पैर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।
अपने दोस्त को पिटता देख जब कृष्णा ठाकुर बीच-बचाव करने आगे आया, तो आरोपी ने उसे भी नहीं बख्शा। तुषार ने कृष्णा के साथ भी बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके चेहरे और बाएं कान के पास चोटें आई हैं। इसके बाद जब मौके पर उनके अन्य दोस्त गौरव केवट और सृजल दुबे बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपी तुषार कुचबंधिया सभी को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकला।
घटना के बाद सहमे पीड़ित छात्र समर्थ ठाकुर ने परिजनों के साथ घमापुर थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी तुषार कुचबंधिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 119(1) और 351(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
Tags
jabalpur
