Jabalpur News: शराब खत्म हुई तो साले से मांगे पैसे, मना करने पर जीजा ने चाकू से गोदकर किया लहूलुहान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान पैसों को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर उसके जीजा ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार ब्रम्हचारी कॉलोनी देवरी रामबाड़ निवासी संतोष सिंह ठाकुर (42) को घायल अवस्था में शासकीय अस्पताल पनागर में भर्ती कराया गया था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को संतोष ठाकुर ने बताया कि वह आरपीजी फैक्ट्री में काम करता है। घायल ने बताया कि उसके जीजा यसपाल ठाकुर ने मोबाइल पर फोन कर उसे मझौली बायपास बुलाया। वहां यसपाल ठाकुर एक अन्य व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल लेकर खड़ा था। 

इसके बाद तीनों भड़पुरा शराब दुकान के पास पहुंचे और देर रात करीब 2 बजे तक शराब पी। संतोष के अनुसार शराब खत्म होने पर उसके जीजा यसपाल ठाकुर ने और शराब लेने के लिए पैसे मांगे। जब उसने पैसे नहीं होने की बात कही तो यसपाल गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर साथ आए दूसरे व्यक्ति ने उसका हाथ पकड़ लिया, जबकि यसपाल ठाकुर ने चाकू से उसके दाहिने गाल, पेट, मुंह, नाक, आंख और बाएं हाथ की उंगली पर हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने संतोष ठाकुर की शिकायत पर आरोपी यसपाल ठाकुर और उसके साथी के खिलाफ धारा 296ए, 118(1), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post