Jabalpur News: 50 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला और कोई नहीं, खुद का किरायेदार ही निकला; मथुरा विहार कॉलोनी का मामला

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना विजय नगर क्षेत्र में 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी भरे पत्र भेजने के मामले में पुलिस ने मकान मालिक के किरायेदार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पुलिस के अनुसार मथुरा विहार निवासी 73 वर्षीय गणेश प्रसाद दुबे ने थाना विजय नगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 मई 2026 की सुबह उनके घर के अंदर एक्टिवा के पास एक बंद लिफाफा पड़ा मिला। लिफाफे पर “जे.पी. दुबे, 39 मथुरा विहार” लिखा हुआ था। लिफाफा खोलने पर उसमें अपशब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी गई थी तथा उनके नाती सूजल चैबे और दामाद को नुकसान पहुंचाने की बात लिखी गई थी। 

साथ ही 50 करोड़ रुपये की मांग भी की गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसी दिन दोपहर करीब 1 बजे पड़ोसी प्रमोद पटेल कुछ अन्य लिफाफे लेकर आए, जिन पर मनोज रोहितास, रुद्र सिंह, खम्परिया, केपी शर्मा और असाटी सहित मथुरा विहार के अन्य लोगों के नाम लिखे थे। ये सभी लिफाफे मंदिर की बेंच के पास पड़े मिले थे। सभी पत्रों में एक जैसा मजमून लिखा हुआ था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें 10 मई की सुबह करीब 4 बजे एक व्यक्ति लिफाफे रखते हुए दिखाई दिया। पतासाजी करने पर गणेश प्रसाद दुबे ने फुटेज में दिख रहे व्यक्ति की पहचान अपने किरायेदार आशीष मिश्रा निवासी मऊगंज के रूप में की। पुलिस ने शिकायत जांच के आधार पर आरोपी आशीष मिश्रा के खिलाफ धारा 308(2) और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post