Jabalpur News: रांझी पुलिस ने शातिर नकबजन को दबोचा, लाखों के सोने-चांदी के जेवर बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
रांझी थाना पुलिस ने नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने-चांदी के जेवर सहित वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और औजार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य यादव उर्फ गुंडी के रूप में हुई है, जो हनुमानताल क्षेत्र के सिंधी कैंप का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ पहले से करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की झुमकी, बाली, हार, चैन, मंगलसूत्र, नथ और अंगूठी सहित बड़ी मात्रा में चांदी के जेवर बरामद किए हैं। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की प्लेजर स्कूटी, पेचकस और लोहे की रॉड भी जप्त की गई है।

जानकारी के मुताबिक 7 मई 2026 को रक्षा नगर कॉलोनी निवासी सुमित कुमार गुप्ता ने थाना रांझी में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह परिवार सहित बाहर गए थे। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी चोरी हो चुकी थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसी दौरान मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी आदित्य यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर बगिया टोला क्षेत्र के एक खंडहर से चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देता था।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रांझी उमेश कुमार गोल्हानी, उप निरीक्षक आभा दुबे, एएसआई मनीष जाटव, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम, चंद्रभान सिंह तथा आरक्षक अभिषेक मिश्रा और मनीष पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post