दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत कटंगी बाइपास स्थित होटल सुकून में शनिवार दोपहर उस समय हंगामा मच गया, जब हिंदू संगठन के कार्यकर्ता होटल में पहुंच गए। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने होटल के कमरों की तलाशी ली, जहां दो युवकों और दो महिलाओं के ठहरे होने की जानकारी सामने आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तलाशी के दौरान एक कमरे में युवक और युवती संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, जिसके बाद होटल परिसर में विवाद की स्थिति बन गई। हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने युवकों के साथ मारपीट भी की। सूचना मिलने पर माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
बताया जा रहा है कि होटल के रजिस्टर की जांच के दौरान संबंधित लोगों की एंट्री दर्ज नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस दोनों युवकों और दोनों महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने लेकर गई है।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि होटल में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। होटल संचालक से भी पूछताछ की जा रही है तथा होटल के दस्तावेज, रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कार्यकर्ताओं की पकड़ में आए एक युवक की पहचान फरहज अली कादरी निवासी मुजावर मोहल्ला, रानी दुर्गावती वार्ड के रूप में बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने और तथ्यों के सत्यापन के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य कर ली गई।
Tags
jabalpur
