दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोहलपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर फायरिंग, चाकूबाजी और पत्थरों से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घायल युवक को गंभीर हालत में मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस ने पहुंचकर उसका बयान दर्ज किया। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
Ai Image
पुलिस के अनुसार अमखेरा कुदवारी निवासी 24 वर्षीय निखिल रजक उर्फ निक्की ने बताया कि वह फर्नीचर का काम करता है। रविवार रात वह अपने दोस्त हर्ष पटेल और साई केवट के साथ हर्ष पटेल की मोटरसाइकिल से लस्सी पीने गोहलपुर की ओर जा रहा था। रात करीब 11 बजे संस्कार परिसर के सामने अंडा ठेला के पास पहुंचते ही मोटरसाइकिल और स्कूटी से आए पांच युवकों ने उन्हें रोक लिया।
निखिल के मुताबिक आरोपियों में बाबाटोला निवासी रंजीत चौधरी और अखिल कश्यप, रद्दी चौकी निवासी लक्की चौधरी, अधारताल शनि मंदिर के पास रहने वाला करण ठाकुर तथा अमखेरा निवासी भग्गू उर्फ मोहित चौधरी शामिल थे। आरोप है कि रंजीत चौधरी ने उसे जान से मारने की नीयत से पिस्टल से दो फायर किए, लेकिन गोली उसे नहीं लगी। जान बचाने के लिए निखिल अपने साथी साई के साथ कुलिया की ओर भागा, जहां आरोपियों ने पीछा करते हुए दोबारा फायरिंग की।
भागने के दौरान निखिल गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपियों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि अखिल कश्यप ने चाकू से हमला किया, जबकि लक्की, भग्गू और करण ने पत्थरों से मारपीट कर उसके सिर और जांघ में गंभीर चोटें पहुंचाईं।
घायल युवक ने बताया कि इसके बाद रंजीत और अखिल उसे जबरन स्कूटी पर बैठाकर हाईवे की ओर ले जाने लगे। रास्ते में सारा सिटी के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल से स्कूटी टकरा गई, जिससे वह, रंजीत और अखिल सड़क पर गिर पड़े। हादसे में निखिल के हाथ, पैर और चेहरे पर भी चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई, जिसे देखकर आरोपी घायल युवक को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार सावन के दौरान हुए पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने रिपोर्ट पर धारा 109(1), 140(1), 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur