Jabalpur News: कालीबाड़ी मंदिर समिति पर सोशल मीडिया में लगाए गए आरोपों के खिलाफ बंग समाज का प्रदर्शन, एसपी से कार्रवाई की मांग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खमरिया स्थित क्यू-टाइप कालीबाड़ी मंदिर समिति पर सोशल मीडिया के माध्यम से लगाए गए कथित आरोपों को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले में बंग समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाने वालों के खिलाफ जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि सोशल मीडिया पर मंदिर समिति और उसके सदस्यों के खिलाफ आपत्तिजनक एवं भ्रामक टिप्पणियां प्रसारित की गई हैं, जिससे बंगाली समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

मंदिर समिति के सदस्य अर्नबदास गुप्ता ने बताया कि एक महिला द्वारा खमरिया स्थित कालीबाड़ी मंदिर को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए, जिन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित किया गया। उनका आरोप है कि मंदिर समिति ने अपने पक्ष में आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य खमरिया थाना पुलिस को उपलब्ध कराए हैं, लेकिन अब तक संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि झूठे आरोपों और सोशल मीडिया पर चलाए गए कथित दुष्प्रचार से न केवल मंदिर समिति की छवि प्रभावित हुई है, बल्कि संपूर्ण बंगाली समाज में भी नाराजगी है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

बंग समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की जांच करने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post