Jabalpur News: रांझी की विवादित शराब दुकान पर भाजपा पार्षदों ने जड़ा ताला

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी के बड़ा पत्थर क्षेत्र में संचालित शराब दुकान को लेकर चल रहे विरोध के बीच शुक्रवार को भाजपा पार्षद दल ने दुकान पर पहुंचकर तालाबंदी कर दी। क्षेत्रीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से शराब दुकान को हटाने की मांग की जा रही थी।

जानकारी के अनुसार बड़ा पत्थर क्षेत्र में खुली शराब दुकान का स्थानीय नागरिकों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा भी विरोध किया जा रहा था। कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी पिछले कई दिनों से दुकान हटाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं शुक्रवार को भाजपा पार्षदों ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए दुकान को बंद कराकर उस पर ताला लगा दिया।

एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी ने बताया कि कुछ दिन पहले क्षेत्रीय नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल अशोक रोहाणी से मिला था। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया था कि शराब दुकान खुलने के बाद क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों में वृद्धि हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकान के आसपास सब्जी मंडी और मंदिर स्थित हैं, जहां महिलाओं और परिवारों का नियमित आना-जाना रहता है। ऐसे में दुकान संचालित होने से क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है और महिलाओं को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बताया गया कि विधायक अशोक रोहाणी ने नागरिकों को आश्वासन दिया था कि दो दिनों के भीतर दुकान को हटाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में भाजपा पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को दुकान पहुंचकर तालाबंदी की।

इस दौरान दामोदर सोनी, मंडल अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, पार्षद निशांत झरिया, संतोषी ठाकुर, अनुराग दहिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा भी लगातार आंदोलन किया जा रहा था। पूर्व में धरना स्थल पर पहुंची प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने भी क्षेत्रीय लोगों को दुकान हटाने के संबंध में कार्रवाई का आश्वासन दिया था, जिसके बाद धरना स्थगित किया गया था।

फिलहाल क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि जब तक शराब दुकान को स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post