दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में एक युवक पर कार रोककर पिस्टल की बट से हमला करने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार पटेल नगर वेलकम कॉलोनी निवासी निखिल रजक (20) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात करीब 9 बजे वह मोटरसाइकिल से महाराजपुर तिराहे से अपने घर लौट रहा था। जब वह वेलकम कॉलोनी स्थित ट्रांसफार्मर के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए विवेक पांडे उर्फ चूहा पांडे ने अपनी कार उसकी मोटरसाइकिल के सामने लगाकर रास्ता रोक लिया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवेक पांडे ने अपने पास रखी पिस्टल निकाल ली और जान से मारने की नीयत से पिस्टल की बट से उसके चेहरे पर हमला कर दिया। हमले में निखिल की नाक पर चोट आई और खून निकलने लगा।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और कहा कि "अभी बच गया है, दोबारा नहीं छोड़ूंगा।" इसके बाद वह अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया।
अधारताल थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 109 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
Tags
jabalpur
