दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में हथियार लहराकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले एक बदमाश को कैंट थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का पिस्टल हाथ में लेकर बीच बाजार में डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो सदर बाजार निवासी शानू अंसारी का था। वीडियो में वह पिस्टल लहराते हुए डांस करता दिखाई दे रहा था। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने इसे गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
कैंट थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। शुक्रवार रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि शानू अंसारी पेंटीनाका चौराहे के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक पिस्टल भी बरामद की गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी हथियारों के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करता रहा है। उसके खिलाफ कैंट सहित अन्य थानों में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने क्षेत्र में अपना खौफ कायम करने और लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हथियारों के साथ वीडियो बनाकर वायरल करने की बात स्वीकार की है।
Tags
jabalpur
