दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र में एक लगुन कार्यक्रम के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम महगवां निवासी 21 वर्षीय कपिल कुमार लोधी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शादी समारोह में डेकोरेशन का काम करता है। बीती रात वह अपने मामा के यहां आयोजित लगुन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के दौरान वह अपने परिजनों के साथ ग्राम परतला चौराहा स्थित एक दुकान के सामने खड़ा था।
इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार वहां आकर रुकी। कार से उतरे व्यक्ति की पहचान जमुनिया निवासी नितिन मिश्रा के रूप में हुई। बताया गया कि नितिन मिश्रा गाली-गलौज करते हुए आया और गांव के ही युवक मनीष पटेल के साथ मारपीट करने लगा तथा उसे कार में बैठाने की कोशिश की।
बीच-बचाव के दौरान मनीष पटेल वहां से भागने लगा, तभी आरोपी नितिन मिश्रा ने पिस्टल निकालकर पहले हवाई फायर किया और फिर जान से मारने की नीयत से दोबारा गोली चला दी। यह गोली मनीष को न लगकर पास खड़े कमलेश उर्फ पंकज लोधी के सीने में जा लगी, जिससे वह बेहोश हो गया।
घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो में बैठकर मौके से फरार हो गए। घायल कमलेश को तत्काल इलाज के लिए मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश जारी है।
Tags
jabalpur
