Jabalpur News: घर पर बम फेंकने की फिराक में था युवक, रांझी पुलिस ने दबोचा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते बड़ी घटना को टालते हुए एक युवक को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी के घर पर बम फेंकने की योजना बना रहा था।  रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि बीती रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बगिया टोला स्थित पानी की टंकी के सामने एक युवक किसी के घर पर बम फेंकने की बात कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। मौके पर मुखबिर के बताए हुलिये का युवक खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेरकर पकड़ लिया।

पकड़े गए युवक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अंशु मलिक उर्फ यश पिता अनिल मलिक (22 वर्ष), निवासी यादव पान भंडार के पास, गंगामैया, रांझी बताया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली, तो उसकी जैकेट की दोनों जेबों में एक-एक सुअरमार बम मिला। पुलिस ने तुरंत दोनों बम जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।पुलिस ने आरोपी अंशु मलिक उर्फ यश के कब्जे से दो सुअरमार बम जब्त करते हुए उसके खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 5 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह बम कहां से लाया था और उसका मकसद क्या था।

Post a Comment

Previous Post Next Post