दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। इंदौर के विजय नगर क्षेत्र में सोमवार शाम एक बैंक कर्मचारी ने कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। घटना सिनर्जी अस्पताल के पास स्थित उसके मकान में शाम करीब 5:30 बजे हुई। मृतक की पहचान हेमंत ब्रह्मवंशी के रूप में हुई है, जो एक को-ऑपरेटिव बैंक में कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार, हेमंत ने अपने मकान को गिरवी रखकर बैंक ऑफ महाराष्ट्र से करीब ढाई करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। बताया जा रहा है कि वह पिछले डेढ़ साल से कर्ज की किश्तें नहीं चुका पा रहा था। इसी कारण बैंक की टीम मकान खाली कराने की प्रक्रिया के तहत सोमवार को उसके घर पहुंची थी।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, बैंक कर्मचारी मकान की पहली मंजिल पर कागजी कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान हेमंत अपने कमरे में चला गया और वहीं उसने खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
विजय नगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि हेमंत लंबे समय से कर्ज के कारण मानसिक तनाव में था और उसका इलाज भी चल रहा था। परिवार के सदस्यों, विशेष रूप से उसके बड़े बेटे ने भी इस बात की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार, हेमंत को बैंक की ओर से कई बार नोटिस दिए गए थे, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हेमंत के परिवार में उसकी मां, दो बेटे और एक बेटी हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
Tags
madhya pradesh
.jpeg)