ICC ने पाकिस्तान की तीनों शर्तें ठुकराईं: फाइनल अल्टीमेटम दिया, PCB लेगा यू-टर्न; भारत से वर्ल्ड कप मुकाबला खेलना लगभग तय

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने की पाकिस्तान की शर्तों को खारिज कर दिया है और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को अंतिम अल्टीमेटम दे दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अब PCB अपने फैसले पर यू-टर्न ले सकता है और 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होना लगभग तय माना जा रहा है।

रविवार को ICC के प्रतिनिधि इमरान ख्वाजा और मुबाशिर उस्मानी लाहौर पहुंचे और PCB अधिकारियों के साथ करीब पांच घंटे तक बैठक हुई। इस बैठक में PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम भी मौजूद थे, जबकि ICC के CEO संजोग गुप्ता वर्चुअल तरीके से शामिल हुए। बैठक के बाद अब अंतिम फैसला पाकिस्तान सरकार के स्तर पर होना है और PCB चेयरमैन प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पूरी जानकारी देंगे।

बैठक में पाकिस्तान ने ICC के सामने तीन प्रमुख शर्तें रखीं, जिनमें ICC की कुल कमाई में पाकिस्तान का हिस्सा बढ़ाना, भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज बहाल कराना और मैदान पर हैंडशेक प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू करना शामिल था। ICC ने इन तीनों मांगों को स्वीकार नहीं किया और स्पष्ट कर दिया कि टूर्नामेंट तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित किया जाएगा।

इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की थी कि टीम टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगी। हालांकि ICC ने इस फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की थी और कहा था कि पाकिस्तान का निर्णय वैश्विक क्रिकेट व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है।

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने भी PCB से मैच खेलने की अपील की थी और कहा था कि भारत-पाकिस्तान मुकाबला नहीं होने से आर्थिक नुकसान होगा और टूर्नामेंट की छवि प्रभावित होगी। श्रीलंका इस टूर्नामेंट का सह-मेजबान है और उसने मैच की मेजबानी के लिए पूरी तैयारी कर ली है।

वहीं BCCI सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि भारतीय टीम तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगी और सभी ICC प्रोटोकॉल का पालन करेगी। अब सभी की नजर पाकिस्तान सरकार और PCB के अंतिम फैसले पर है, लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारत-पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला होने की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post