दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के बजरंग नगर में सोमवार को दिनदहाड़े झपटमारी की बड़ी वारदात सामने आई। शादी समारोह से लौट रहे बुजुर्ग दंपत्ति को निशाना बनाते हुए बाइक सवार बदमाशों ने करीब साढ़े चार तोला वजनी सोने का हार झपट लिया। हार की कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बस से उतरते ही बदमाशों ने बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, अनिल सोनी (58) और उनकी पत्नी मीना सोनी (55) भोपाल में आयोजित पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होकर बस से जबलपुर लौटे थे। जैसे ही वे बजरंग नगर स्थित टीवीएस शोरूम के सामने बस से उतरे, पहले से घात लगाए दो बाइक सवार बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया।
पलक झपकते हार झपटकर फरार
बदमाशों ने मीना सोनी के गले से साढ़े चार तोला वजनी सोने का हार झपट लिया और तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। पीड़ित दंपत्ति के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश के लिए शहर में नाकाबंदी भी की गई है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने दिनदहाड़े हुई इस झपटमारी की घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है।
Tags
jabalpur
